भारत रत्न और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 96वीं आज जयंती है। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक ‘सदैव अटल’ पर जन्म दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अटल बिहारी वाजपेयी के परिजनों ने पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 96वीं जयंती पर उनकी सदैव अटल समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
बता दें कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री का जन्म 25 दिसंबर 1924 को ग्वालियर में हुआ था। अटल बिहारी को एक बेहतरीन नेता के रूप में याद किया जाता है। पूर्व पीएम अटल जब संसद में बोलते थे तो विपक्ष के नेता भी ध्यान से सुनते थे। भाषा के धनी अटल बिहारी वाजपेयी 3 बार भारत के प्रधानमंत्री बने। साल 1996 में वे पहली बार प्रधानमंत्री बने, हालांकि इस दौरान उनका कार्यकाल काफी छोटा महज 13 दिनों का था। इसके बाद उनका दूसरा कार्यकाल 13 महीने का था और फिर 1999 में जब वह पीएम बने तो उन्होंने 2004 तक 5 साल का अपना कार्यकाल पूरा किया।
आज अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर देशभर के बड़े नेता उन्हें याद कर रहे हैं और उन्हें नमन कर रहे हैं। देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कर कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। अपने दूरदर्शी नेतृत्व में उन्होंने देश को विकास की अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर पहुंचाया। एक सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए उनके प्रयासों को सदैव स्मरण किया जाएगा।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए ट्विटर पर लिखा है, “विचारधारा-सिद्धांतों पर आधारित राजनीति एवं राष्ट्र समर्पित जीवन से भारत में विकास, गरीब कल्याण और सुशासन के युग की शुरुआत करने वाले भारत रत्न आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन। अटल जी की कर्तव्यनिष्ठा व राष्ट्रसेवा हमारे लिए सदैव प्रेरणा का केंद्र रहेगी।” विचारधारा-सिद्धांतों पर आधारित राजनीति एवं राष्ट्र समर्पित जीवन से भारत में विकास, गरीब कल्याण और सुशासन के युग की शुरुआत करने वाले भारत रत्न आदरणीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें कोटिशः नमन।



Download Android App
Download iOS App



