प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17वें जी-20 शिखर सम्मलेन में भाग लेने के लिए इंडोनेशिया के टूरिस्ट डेस्टिनेशन बाली में मौजूद हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने 15 से 16 नवम्बर तक चलने वाले इस सम्मलेन को पहले दिन संबोधित किया। इसके बाद प्रधानमंत्री बाली में मौजूद भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां लोगों ने मोदी-मोदी के नारों के साथ प्रधानमंत्री का अभिवादन किया।
भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बाली आने के बाद हर भारतीय को एक अलग ही अनुभूति होती है और मैं भी वही महसूस कर रहा हूं। जिस जगह के साथ भारत का हजारों वर्षों का रिश्ता रहा हो, जिसके बारे में सुनते रहते हो। पीढ़ी दर पीढ़ी उस परंपरा को आगे बढ़ाया पर कभी ओझल नहीं होने दिया।
उन्होंने कहा कि आज जिस समय मैं आपसे बात कर रहा हूं इसी पल बाली से 1500 किलोमीटर दूर भारत के कटक शहर में महानदी के किनारे बाली यात्रा का महोत्सव चल रहा है। ये महोत्सव भारत और इंडोनेशिया के बीच हजारों वर्षों के ट्रेड संबंधों का जश्न है… कोविड के कारण कुछ रूकावट आई थी परन्तु अब बाली यात्रा भव्यता के साथ लाखों लोगों की भागीदारी के साथ मनाया जा रहा है।
हम 90 नॉटिकल मील दूर नहीं, हम 90 नॉटिकल मील पास
पीएम मोदी ने कहा, भारत और इंडोनेशिया 21वीं सदी में एक दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रहे हैं। इंडोनेशिया की जमीन ने भारत से आए हुए लोगों को प्यार से स्वीकार किया, उन्हें अपने समाज में शामिल किया। भारत और इंडोनेशिया का साथ सिर्फ सुख का नहीं है। हम सुख-दुख में एक दूसरे के दुख को बांटने वाले हैं। जब 2018 में इंडोनेशिया में बड़ा भूकंप आया तो भारत ने तुरंत ऑपरेशन समुद्र मैत्री शुरू किया था। तब मैंने कहा था कि भारत और इंडोनेशिया में 90 नॉटिकल मील का फैसला भले ही हो, हम 90 नॉटिकल मील दूर नहीं हैं, हम 90 नॉटिकल मील पास हैं।
उन्होंने कहा, भारत की प्रतिभा, भारत की टेक्नोलॉजी, भारत की इनोवेशन, भारत का उद्योग इन सब ने दुनिया में अपनी एक पहचान बनाई है। आज दुनिया की बहुत सी बड़ी कंपनियां ऐसी हैं जिनके CEO भारत के हैं। आज दुनिया के 10 यूनिकॉर्न बनते हैं तो उनमें से एक भारत का होता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत स्मार्ट फोन डेटा के उपभोग में दुनिया में नंबर-1 है। आज भारत कितनी ही दवाइयों की सप्लाई में, अनेक वैक्सीन बनाने में दुनिया में नंबर-1 है। 2014 के पहले और 2014 के बाद के भारत में बहुत बड़ा फर्क है, ये बहुत बड़ा फर्क मोदी नहीं है। ये बहुत बड़ा फर्क है स्पीड और स्केल में।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, पिछले 7-8 साल में भारत ने 55 हज़ार किलोमीटर नेशनल हाईवे बनाए हैं, जो पूरी धरती के लगभग 1.5 चक्कर लगाने के बराबर है। आज भारत आयुष्मान भारत योजना के तहत जितने लोगों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा दे रहा है, वो पूरे यूरोपियन यूनियन की कुल आबादी से ज्यादा लोगों को मिलती है।