भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कश्मीर मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट पर पलटवार करते हुए उन्हें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का ‘चीयरलीडर’ बताया जिससे बिहार की सियासत गर्म हो गई है।

श्री सिंह के बयान के बाद जहां बिहार भाजपा उनके बचाव में उतर गई वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक जनता दल यूनाईटेड (जदयू) ने इशारों-इशारों में उन्हें मर्यादा में रहने की नसीहत दे डाली। विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस ने श्री सिंह पर जमकर हमला बोला।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के साथ हाल ही में बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा था कि कश्मीर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने का आग्रह किया है। इसके बाद मोदी विरोधियों के निशाने पर आ गये।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुये कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप कहते हैं कि मोदी ने मुझसे कश्मीर मुद्दे पर भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता करने को कहा है। यदि यह सच है तो प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय हित एवं वर्ष 1972 के शिमला समझौते के साथ धोखा किया है। हालांकि देश का कमजोर विदेश मंत्रालय श्री ट्रंप और श्री मोदी के बीच ऐसी किसी भी बातचीत से इनकार कर रहा है। ऐसे में मोदी को उनके और ट्रंप के बीच हुई बातचीत की सच्चाई देश को बतानी चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



