केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल जी मछुआरों के लिए मत्स्य विभाग बना हुआ है जिसके अंतर्गत 20 हज़ार 50 करोड़ के निवेश का बजट है। 70 साल में आपके नाना जी से लेकर अब तक जो काम नहीं हुआ वो काम मोदी जी ने किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले दो दिनों से केरल की यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने आज कोल्लम जिले के थांगस्सेरी तट पर मछुआरों से बातचीत की। राहुल यहां मछुआरों के साथ उनकी नाव में बैठकर समुद्र में भी गए। उन्होंने अपनी यात्रा तड़के चार बजकर 30 मिनट पर वाडी तट से शुरू की और करीब एक घंटे तक वहां रहे और फिर बातचीत स्थल पर पहुंचे।
केरल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी मछुआरों के साथ पकड़ी मछलियां, बताया समुद्र का अनुभव
उन्होंने मछुआरों के साथ मिलकर समुद्र में मछली पकड़ने वाला जाल फेंका और उनके साथ मछली भी पकड़ी। ब्लू टीशर्ट और खाकी पैंट पहने कांग्रेस नेता ने तट पर वापसी के वहां खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल और सांसद टी एन प्रतापन भी इस दौरान राहुल गांधी के साथ थे। प्रतापन राष्ट्रीय मछुआरा कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं।
गौरतलब है कि केरल यात्रा के दौरान राहुल ने एक बार फिर मत्स्य पालन से संबंधित अलग मंत्रालय की बात दोहराई। इससे पहले उन्होंने पुड्डुचेरी में मत्स्य पालन के मंत्रालय को लेकर अपनी बात कही थी। उनके इस बयान पर खुद डेयरी एवं मत्स्य पालन मंत्री गिरिराज सिंह ने दिया था और बताया था कि इसका गठन 2019 में ही कर दिया गया था।