केंद्र सरकार ने देश के नए सीडीएस (चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ) के चयन की प्रकिया तेज करदी है। सरकार ने तीनों सेनाओं ( थल सेना, वायु सेना, नौसेना) से योग्य अधिकारियों की सूची मांगी है। जल्द ही योग्य अधिकारियों की सूची रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को सौपी जा सकती है। हाल ही में तमिलनाडु के कुन्नूर हादसे में देश के पहले सीडीएस रावत की मृत्यु के बाद यह पद रिक्त हो गया था। सरकारी सूत्रों के अनुसार नए सीडीएस का चयन करने के लिए थलसेना, नौसेना और वायुसेना के वरिष्ठ कमांडरों की सदस्यता वाली एक समिति इस प्रक्रिया में कार्य कर रही है।
थल सेना अध्यक्ष हो सकते हैं नए सीडीएस
देश के नए सीडीएस पद के लिए थल सेना अध्यक्ष जनरल एम.एम.नरवणे के अनुभव को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि, उन्हें नया सीडीएस बनाया जा सकता है। जनरल नरवणे अगले वर्ष अप्रैल माह में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। वह अभी वरिष्ठतम फोर स्टार जनरल हैं। हाल ही में जनरल नरवणे को सीडीएस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं वायु सेना अध्यक्ष एयर मार्शल वी.आर. चौधरी और नौसेना अध्यक्ष एडमिरल आर. हरि कुमार पर भी सरकार विचार कर सकती है।