दिवाली से पहले दिल्लीवासियों को बड़ा झटका लगा है। दिल्ली में CNG के दामों 3 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रूस से तेल खरीदने को लेकर भारत का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि अपनी जनता को ऊर्जा उपलब्ध कराना भारत सरकार का नैतिक कर्तव्य है।
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि अपनी जनता को ऊर्जा उपलब्ध कराना भारत सरकार का नैतिक कर्तव्य है। उसे जहां से तेल मिलेगा, वह खरीदना जारी रखेगी। केंद्रीय मंत्री ने इस पर भी जोर दिया कि किसी ने भारत को रूस से तेल खरीदने से मना नहीं किया है।
गौरतलब है कि यूक्रेन-रूस युद्ध के कारण दुनिया का ऊर्जा तंत्र प्रभावित हो रहा है। भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल का आयात अप्रैल से अभी तक 50 गुना से ज्यादा बढ़ गया है। भारत फिलहाल कुल कच्चा तेल आयात का 10 फीसदी हिस्सा ही रूस से मंगवा रहा है। यूक्रेन युद्ध से पहले भारत रूस से महज 0.2 फीसदी आयात करता था।
CNG और PNG के दामों में बढ़ोतरी
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में CNG की कीमत 3 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 78.61 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लिए CNG की कीमत 81.17 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। गुरुग्राम में इसकी कीमत 86.94 रुपये प्रति किलोग्राम की गई है।
इसके अलावा IGL ने दिल्ली में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमत 53.59 रुपए प्रति SCM तक बढ़ा दी है। नई कीमत कल यानी 8 अक्टूबर से लागू हो जाएगी। गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में PNG की कीमत 53.46 रुपए प्रति SCM होगी, जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 51.79 रुपए प्रति SCM होगी।