आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों और आवासीय इलाकों में बगैर किसी उकसावे के अंधाधुंध गोलाबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि कुछ गोले खुले मैदान में गिरे जिससे किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
सूत्रों ने बताया कि भारतीय जवानों ने भी भारी गोलाबारी के जरिये पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। सीमा पार हुए नुकसान का अभी तक आकलन नहीं किया जा सका है। ये भी जानकारी मिली है की पाकिस्तानी फ़ौज ने भारत पर गोलबारी करने के लिए टैंक रेजिमेंट को भी उतारा है।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के शिविरों को भारतीय वायु सेना की कार्रवाई के ठीक अगले दिन पाकिस्तान की ओर से हताशा में संघर्षविराम का उल्लंघन किया जा रहा है।
भारतीय सेना ने सीमापार से पाकिस्तानी गोलाबारी का करारा जवाब देते हुए जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा के उस पार स्थित पाकिस्तान की पांच चौकियां ध्वस्त कर दी। इस कार्रवाई में कई पाकिस्तानी सैनिक ‘‘हताहत’’ हुए हैं। एक रक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एक रक्षा पीआरओ ने कहा, ‘‘भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई की और हमारी लक्षित गोलीबारी में पांच चौकियों को गंभीर नुकसान पहुंचा और (राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा से लगे क्षेत्र में) पाकिस्तानी सेना के कई जवान हताहत हुए।’’
पाकिस्तानी सैनिकों को ग्रामीणों को मानव कवच के रूप में इस्तेमाल करते हुए आम नागरिकों के घरों से मोर्टार और मिसाइलें दागते हुए भी देखा गया।
पीआरओ ने कहा कि हालांकि, भारतीय सेना ने आम नागरिकों की बस्तियों से अलग पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया। इसके कारण ‘‘बड़ी संख्या में’’ पाकिस्तानी सैनिक हताहत हुए।
दोनों तरफ से गोलीबारी में भारतीय सेना के पांच सैनिकों को मामूली चोटें आई हैं। इनमें से दो को इलाज के लिए सेना के अस्पताल ले जाया गया है। उनकी स्थिति स्थिर है।