अरूणाचल प्रदेश, असम और मेघालय समेत देश के विभिन्न हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून मध्य अरब सागर और कोंकण के कुछ और हिस्सों में, मध्य महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्से, मराठवाड़ और विदर्भ के शेष हिस्से, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्से, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के कुछ भागों और उत्तराखंड के कुछ और हिस्से में आगे बढ़े है।
अगले 48 घंटों के दौरान मध्य अरब सागर, कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों, गुजरात और मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों में दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल होती जा रही हैं।
दिन का तापमान पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से अत्यधिक ऊपर रहा। पूर्वी राजस्थान, गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ और कोंकण में सामान्य से ऊपर रहा।
जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान सामान्य से अत्यधिक नीचे रहा जबकि छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और तटीय आंध, प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहा।
देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक तापमान पश्चिम राजस्थान के चुरू में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय हिस्से, सिक्किम, कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर तेज से अति तेज बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही अंडमान निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ और तटीय कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा हो सकती है।
उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और हिमाचल में अलग-अलग स्थानों पर 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गति से आंधी चल सकती है और बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार हैं।
पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश में 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से धूल भरी आंधी चल सकती है और कहीं-कहीं बिजली चमक सकती है। पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवा चल सकती है।
पिछले 24 घंटे के दौरान अरुणाचल प्रदेश,तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर हिस्सो में तथा पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाके, उत्तराखंड, विदर्भ, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में कई स्थानों पर बारिश हुयी।
असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके, सिक्किम, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, पश्चिम राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तटीय आंध, प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में तथा झारखंड, बिहार, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ और तमिलनाडु में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुयी या फिर गरज के साथ छींटे पड़ी। हरियाणा और पंजाब में मौसम शुष्क रहा।
उत्तराखंड के सात जिलों में भारी वर्षा हाई अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सात जिलों में आगामी 48 घण्टे के भीतर भारी वर्षा होने की आशंका व्यक्त की है। इसको ध्यान में रखते हुए आपदा परिचालन केंद्र ने सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है।
राज्य आपदा परिचालन केंद्र प्रभारी ने सोमवार को सभी सात जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट रहने को कहा गया है उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने सोमवार अपराह्न तीन बजे से अगले 48 घण्टों में उधमसिंह नगर, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और देहरादून जिलों में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है।
सुरक्षा के मद्देनजर सुरक्षा बलों, दैवीय आपदा राहत दलों को सभी आवश्यक संसाधन सहित तैयार रहने को कहा गया है। साथ ही समस्त राहत कार्य से सम्बद्ध अधिकारी और कर्मचारियों को सतर्क रखने के निर्देश जारी किए गये हैं।