शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष इमरान खान के बीच किसी भी द्विपक्षीय बैठक की कोई योजना नहीं है। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह बात कही। मोदी 13-14 को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मेरी जानकारी के हिसाब से हमारे प्रधानमंत्री और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के बीच किसी भी द्विपक्षीय बैठक की योजना नहीं बनाई जा रही है।’’संगठन की बैठक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 13-14 जून को होनी है।

संगठन के विदेश मंत्रियों की पिछले माह हुई बैठक के दौरान तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के बीच भी कोई बैठक नहीं हुई थी। दोनों नेताओं ने सिर्फ एक-दूसरे का अभिवादन किया था।
भारत ने जनवरी 2016 में पठानकोट वायु सेना अड्डे पर हुए आतंकवादी हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय वार्ता नहीं की है। सरकार का कहना है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। बातचीत के लिए पाकिस्तान को अपने क्षेत्र से आतंकवादी गतिविधियों को रोक कर उचित माहौल बनाना होगा।


Download Android App
Download iOS App



