वीवीआईपी यात्राओं में इस्तेमाल किए जाने वाले विमानों में से दूसरा विमान जिन्हें सुरक्षा के नजरिये से परिपूर्ण बनाया गया है वो भारत आने के लिए रवाना हो चुका है। भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए तैयार बोइंग 777 एयरक्राफ्ट का दूसरा स्पेशल विमान आज अमेरिका से भारत आ रहा है। यह एयरक्राफ्ट आज अमेरिका से टेक ऑफ कर चुका है और किसी भी वक्त भारत पहुंच सकता है। बता दें कि इसका पहला विमान 1 अक्टूबर को भारत आया था।
इन विमानों के लिए भारत ने 2018 में बोईंग कंपनी से डील की थी। विमानों को कस्टमाइज करने का काम अमेरिका में किया गया। इसमें सुरक्षा जरूरतों के मद्देनजर बदलाव किया गया। भारत को मिलने वाले इस विमान का नाम Air India One रखा गया है। वीवीआईपी यात्राओं के लिए विशेष रूप से निर्मित पहला बी777 विमान एक अक्टूबर को अमेरिका से भारत आया था। जबकि इस विमान को जुलाई में ही विमान निर्माता कंपनी बोइंग द्वारा एअर इंडिया को सौंपा जाना था।
2 बार इसमें देरी हुई। पहली बार कोविड-19 महामारी के कारण देरी हुई, फिर तकनीकी कारणों से इसमें कुछ हफ्तों की देरी हुई। ये दोनों विमान 2018 में कुछ महीनों के लिए एअर इंडिया के वाणिज्यिक बेड़े का हिस्सा थे, जिन्हें फिर वीवीआईपी यात्रा के लिए इसे विशेष रूप से पुनर्निमित करने के लिए अमेरिका के डलास भेज दिया गया था। अब अगर बात करे इस विमान की खूबियों की तो यह विमान अत्याधुनिक मिसाइल रक्षा प्रणाली से निर्मित है।
इन अत्याधुनिक मिसाइल रक्षा प्रणाली को लार्ज एयरक्राफ्ट इंफ्रारेड काउंटरमीजर्स (एलएआईआरसीएम) और सेल्फ प्रोटेक्शन सूट्स (एसपीएस) कहा जाता है। दोनों विमानों में सुरक्षा के ऐसे उपकरण लगाए जा रहे हैं जो बड़े से बड़े हमले को नाकाम कर सकती है। इस विमान पर मिसाइल अटैक का भी कोई असर नहीं होगा। वर्तमान में, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति एअर इंडिया के बी747 विमानों से यात्रा करते हैं, जिनपर एअर इंडिया वन का चिह्न होता है।