नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि भारतीय त्योहार सदियों से राष्ट्रीय और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देते रहे हैं और ये लोगों के लिए इन मूल्यों को युवा पीढ़ियों तक पहुंचाने का अवसर रहे हैं। उन्होंने उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू द्वारा आयोजित संक्रांति मिलन में संक्षिप्त संबोधन में ये टिप्पणियां की। कई केंद्रीय मंत्रियों के अलावा पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, वित्त मंत्री अरुण जेटली समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति इस मौके पर मौजूद रहे। मोदी ने कहा कि भारतीय त्योहार प्रकृति, ग्रामीण संस्कृति में सौहार्द्र और किसानों की जिंदगी से जुड़े हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस मौके पर नायडू ने कहा कि मकर संक्रांति का त्योहार सूर्य को समर्पित है और यह उत्तर दिशा की ओर सूरज की यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है। मकर संक्रांति का त्योहार देशभर में विभिन्न नामों से मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति और पोंगल त्योहार खुशहाली के प्रतीक है जो अच्छी फसल से आती है और ये त्योहार लोगों की जिंदगियों में सकारात्मक बदलाव का जश्न है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह प्रार्थनाओं तथा नदियों तथा सभी व्यक्तियों के लिए आदर के जरिए हमारी जिंदगियों को मजबूत बनाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा, ‘‘यह इकलौता ऐसा उत्सव है जो कई नामों से नए मौसम की शुरुआत को दर्शाता है और हर संस्कृति में मुख्य रूप से खिचड़ी बनाई जाती है जो मीठी और तीखी दोनों तरह की होती है।’’ उन्होंने किसानों का आभार जताने का आह्वान किया और उन्हें इस देश का ‘‘असली हीरो’’ बताया।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।