केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने गुरुवार को स्वच्छता सिटी सर्वे रिपोर्ट जारी कर दी है। मध्य प्रदेश का इंदौर शहर लगातार चौथी बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बन गया है। दूसरे नंबर पर गुजरात का सूरत शहर है। वहीं, तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र का नवीं मुंबई शहर देश में सबसे साफ शहर के रूप में चुना गया है।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इंदौर लगातार चौथे साल भारत का सबसे स्वच्छ शहर है। इंदौर और उसके लोगों ने स्वच्छता के प्रति अनुकरणीय समर्पण दिखाया है। इस शानदार प्रदर्शन के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान, शहर के लोगों, राजनीतिक नेतृत्व और नगर निगम को बधाई।
केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ महोत्सव’ नाम के इस कार्यक्रम में कुल 129 शहरों को पुरस्कार प्रदान किए गए। सर्वेक्षण के पहले संस्करण में भारत में सबसे स्वच्छ शहर का खिताब मैसुरू ने हासिल किया था, जबकि इसके बाद इंदौर लगातार तीन साल तक (2017,2018,2019) शीर्ष स्थान पर रहा है। इस साल भी इंदौर ने बाजी मारकर लगातार चौथे साल टॉप पर काबिज रहने का तमगा हासिल किया।
इंदौर को चौथी बार स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के सबसे स्वच्छ शहर का सम्मान मिलने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आज मध्यप्रदेश के लिए गर्व और प्रसन्नता का क्षण है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में देश के सबसे स्वच्छ शहर में प्रथम स्थान के सम्मान के लिए इंदौरवासियों, अधिकारियों एवं स्वच्छता योद्धाओं को बधाई। इस प्रोत्साहन और सम्मान के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार!