मुंबई में नौसैन्य डॉकयार्ड में आईएनएस रणवीर पर हुए विस्फोट में तीन नौसेना कर्मियों का निधन हो गया। नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने जान गंवाने वाले तीनों कर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं मुंबई पुलिस ने इस संबंध में दुर्घटनावश मौत के मामले दर्ज किए हैं।
भारतीय नौसेना ने बुधवार को कहा, “नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और भारतीय नौसेना के सभी कर्मी, कृष्ण कुमार, सुरिंदर कुमार और एके सिंह के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिनकी 18 जनवरी 2022 को आईएनएस रणवीर पर एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान चली गई थी।” नौसेना ने कहा, “हम इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ दृढ़ता से खड़े हैं।”
Adm R Hari Kumar #CNS & all personnel of #IndianNavy extend heartfelt condolences to the families of Krishan Kumar MCPO I, Surinder Kumar MCPO II & AK Singh MCPO II, who succumbed to injuries in the unfortunate incident onboard INS Ranvir.
We stand by you in this difficult times. pic.twitter.com/yDp1rjTGoq— SpokespersonNavy (@indiannavy) January 19, 2022
मुंबई पुलिस ने दर्ज किया मामला
दक्षिण मुंबई के कोलाबा थाने में तीन अलग-अलग एडीआर (दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट) दर्ज की गई हैं। मुंबई में नौसैन्य डॉकयार्ड में आईएनएस रणवीर में मंगलवार को हुए एक विस्फोट में ‘मास्टर चीफ पेटी ऑफिसर’ (एमसीपीओ) प्रथम श्रेणी कृष्ण कुमार, एमसीपीओ द्वितीय श्रेणी सुरिंदर कुमार और एमसीपीओ द्वितीय श्रेणी एके सिंह की मौत हो गई और 11 अन्य लोग घायल हो गए।
बेस पोर्ट पर लौटने वाला था INS रणवीर
आईएनएस रणवीर नवंबर 2021 से पूर्वी नौसैन्य कमान के क्रॉस कोस्ट अभियान पर तैनात था और जल्द ही बेस पोर्ट पर लौटने वाला था। लेकिन उससे पहले इस वह हादसे का शिकार हो गया। नौसेना ने घटना के कारणों की जांच के लिए ‘बोर्ड ऑफ इंक्वायरी’ का आदेश दिया गया है।