अंतरराष्ट्रीय महिला शूटर वर्तिका सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह से निर्भया गैंगरेप के चारों दोषियों को एक महिला द्वारा फांसी दिए जाने की मांग की है। वर्तिका ने गृहमंत्री को खून से एक खत लिखा है। वर्तिका सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह से मांग की है कि निर्भया के चारों दोषियों को किसी महिला द्वारा फांसी दी जाए। वह खुद अपने हाथों से चारों को फांसी देना चाहती हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसा करने से देश में एक संदेश जाएगा कि महिलाएं भी फांसी दे सकती हैं। उन्हें उम्मीद है कि ऐसा करने से समाज में बदलाव जरूर आएगा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर नकेल कसी जा सकेगी। वर्तिका ने कहा कि वह चाहती हैं कि एक्ट्रेस और महिला सांसद उनकी इस मांग का समर्थन करें।
गौरतलब है की निर्भया 2012 गैंगरेप-हत्या मामले के चारों दोषियों पवन, मुकेश, अक्षय और विनय को जल्द फांसी देने की याचिका पर 18 दिसंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। साल 2012 में चलती बस में निर्भया के साथ आधी रात को हैवानियत की गई थी। इस केस में छह आरोपी थी। एक रामसिंह ने जेल के अंदर खुदकुशी कर ली थी। जबकि, एक नाबालिग था।