देश के पूर्वी तटों पर एक बार फिर चक्रवात का खतरा मंडरा रहा है। ‘असानी’ चक्रवात अपनी खतरनाक रफ्तार से बढ़ रहा है। बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात में बदल गया है और इसे ‘असानी’ नाम दिया गया है। मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि अगले 12 घंटे में यह भयंकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।
यह तूफान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह तूफान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। बुलेटिन में कहा गया है, चक्रवाती तूफान असानी बंगाल की खाड़ी से 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक यह निकोबार द्वीपसमूह से 480 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम और पोर्ट ब्लेयर से 400 किमी पश्चिम में है।
बंगाल की खाड़ी से जुड़े तटों को खतरा
रविवार को सुबह 8 बजे के आसपास यह चक्रवात विशाखापट्टनम से 940 किमी और पुरी से 1000 किमी की दूरी पर था। आंध्र प्रदेश के अमरावती मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक असानी चक्रवात 10 मई की शाम तक उत्तर-पश्चिम की ओर ही बढ़ता रहेगा और इसके बाद बंगाल की खाड़ी से जुड़े आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट पर पहुंचेगा। यह भी बताया गया कि अभी इस तूफान के ओडिशा या आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल करने के आसार नहीं हैं बल्कि ये तट के समानांतर चलेगा।
आईएमडी ने जारी किया ये अलर्ट
आईएमडी ने कहा कि ओडिशा के तटीय जिलों और पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता सहित राज्य के दक्षिणी हिस्से में मंगलवार से हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 10 मई से अगली सूचना तक समुद्र में और पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के तटों पर नहीं जाएं।