जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में एक मेजर के शहीद होने और पुलवामा में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर कांग्रेस ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसे हमलों को रोकने के लिए सरकार एवं खुफिया एजेंसियां उचित कार्रवाई करेंगी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ‘अनंतनाग में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले मेजर केतन शर्मा को सलाम।”
उन्होंने पुलवामा में सेना के ट्रक को निशाना बनाकर किये गए हमले का उल्लेख करते हुए कहा, ” आशा करते हैं कि सरकार और खुफिया एजेंसियां भविष्य में इस तरह के हमलों पर अंकुश लगाने के लिए उचित कार्रवाई करेंगी।” गौरतलब है कि सोमवार को जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सेना के अधिकारी मेजर केतन शर्मा शहीद हो गए और एक आतंकवादी मारा गया।
मुठभेड़ में एक अन्य अधिकारी और दो जवान घायल हो गये। पुलवामा में आतंकियों ने सेना के ट्रक को निशाना बनाकर हमला किया जिसमें कई लोग घायल हो गए।


Download Android App
Download iOS App



