केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस पर नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। शाह ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के पारित होने से विपक्षी दल को पेट दर्द होने लगा है। उन्होंने कहा, ‘‘हम नागरिकता संशोधन अधिनियम लेकर आए हैं और कांग्रेस को पेट दर्द होने लगा । वह उसके खिलाफ हिंसा भड़का रही है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ मैं असम और (अन्य) पूर्वोत्तर राज्यों (के लोगों) को आश्वस्त करना चाहता हूं कि उनकी संस्कृति, सामाजिक पहचान, भाषा, राजनीतिक अधिकारों को नहीं छूआ जाएगा तथा नरेंद्र मोदी सरकार उनकी रक्षा करेगी।’’ शाह ने कहा कि मेघालय के मुख्यमंत्री कर्नाड संगमा ने इस मुद्दे को लेकर उनसे मुलाकात की है।
‘भारत बचाओ रैली’ में बोलीं सोनिया गांधी- भारत की आत्मा को तार-तार कर देगा नागरिकता संशोधन कानून
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने उन्हें समाधान ढूंढ़ने के लिए सकारात्मक रूप से मुद्दों पर चर्चा करने का आश्वासन दिया।’’ उन्होंने कहा कि नार्थ ईस्ट के लोगों को मैं संदेश देना चाहता हूं कि आप की संस्कृति पूरी तरह अक्षुण्ण रहेगी। मेघालय के लोगों को मैंने समझाया कि आप सबकी समस्या का समाधान निकालेंगे, डरने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस दंगे कराती है, हिंदु मुस्लिम की राजनीति करती है। आज तक आतंकवाद को बचाकर कांग्रेस ने वोट बैंक की पॉलिटिक्स की। शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वो कहते हैं कि झारखंड वालों का कश्मीर से क्या लेन-देन है।
कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा शहादत मेरे झारखंड के युवाओं ने दी है. शाह ने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि पर फैसला हो गया है। वर्षों से मामला कोर्ट में चल रहा था, लेकिन कांग्रेस ने वर्षों तक इस मसले को लटकाकर रखा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब अयोध्या में आसमान को छूने वाला भव्य राम मंदिर जल्द बनने वाला है।
अमित शाह ने कहा,” आज मैं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया जी और राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं कि आपने 55 साल में झारखंड के लिए क्या किया इसका जरा हिसाब-किताब लेकर आइए। सोनिया-मनमोहन वाली कांग्रेस सरकार ने झारखंड को 5 साल में 55,253 करोड़ रुपये दिए थे। नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में 5 साल में झारखंड के विकास के लिए 3,08,487 करोड़ रुपये दिए गए हैं। “