झारखंड मुक्ति मोर्चा ( झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य (झारखंड) के होने वाले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज यानि बुधवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। मुलाकात के दौरान हेमंत सोरेन सोनिया गांधी को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए न्योता देंगे।
बता दें कि विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद हेमंत सोरेन ने मंगलवार की रात राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। हेमंत सोरेन ने रात पौने नौ बजे बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो के विधायकों समेत पचास विधायकों के साथ राज्यपाल मुर्मू से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इस मौके पर उनके साथ झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन, कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह, राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस हाईकमान द्वारा नियुक्त केन्द्रीय पर्यवेक्षक टीएस सिंहदेव भी उपस्थित थे। वही, राज्यपाल ने उन्हें शपथ ग्रहण के लिए 29 दिसंबर की अपराह्र एक बजे का समय दिया है और समारोह का आयोजन रांची के मोरहाबादी के मैदान में होगा।