संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत की खातिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सारी मर्यादाओं को ताक में रख कर जनता के बीच भ्रम के हालात पैदा किये।
लोकसभा चुनाव में जीत के लिये अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लोगों का आभार व्यक्त करते हुये श्रीमती गांधी ने कहा कि देश की चुनाव प्रक्रिया पर पिछले कुछ वर्षों से तरह-तरह के संदेह व्यक्त किये जा रहे है जिसमें कुछ न कुछ सच्चाई होगी क्योंकि बिना आग के धुंआ नहीं हो सकता।
अपनी पुत्री और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ यहां आयी पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत के लिये तरह तरह के प्रपंच रचे गये। सत्ता पर काबिज होने के लिए सभी मर्यादाओं को ताक पर रखना देश का सबसे बड़ दुर्भाज्ञ है।
श्रीमती गांधी ने उन्हें जिताने वाले क्षेत्रीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इससे पहले श्रीमती वाड्रा ने भुएमऊ गेस्टहाउस में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की और प्रदेश में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनाव के लिये जुट जाने की अपील की। कांग्रेस महासचिव ने एक एक कर प्रत्याशियों और जिलाध्यक्षों को बुलाया और विस्तार से हार के कारणों को जाना।
बैठके में कई पदाधिकारियों की राय थी कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपने दम पर चुनाव मैदान पर उतरे। इससे पहले प्रदेश में 12 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में भी पार्टी पूरे दमखम के साथ शिरकत करे।
इससे पहले अमावां ब्लॉक के दाऊद नगर में काफिले के पहुंचते ही श्रीमती सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा का भव्य स्वागत किया गया जिसके बाद काफिला भुएमऊ गेस्ट हाउस में दाखिल हुआ।