हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में चीन- भारत सीमा पर बुधवार को हिमस्खलन में सेना के छह जवानों के शहीद हो जाने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस के पांच जवान भी इस हिमस्खलन में घायल हो गये। किन्नौर के उपायुक्त गोपालचंद ने बताया कि एक जवान का शव बरामद हुआ है जबकि पांच अन्य का अब तक पता नहीं चला है।
किन्नौर की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि जिस जवान का शव मिला है, उसकी पहचान हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारपुर गांव के रमेश कुमार (41) के रूप में हुई है। वह सेना की जम्मू कश्मीर राइफल्स में थे। कुमार का पार्थिव शरीर अंत्यपरीक्षण के लिए पुह सिविल अस्पताल में भेजा गया है।
गोपालचंद ने कहा कि चीन-भारत सीमा पर शिपकाला के समीप करीब 11 बजे यह हिमस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस के कई जवान भी हिमस्खलन में फंस गये थे। उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सेना के सूत्रों ने बताया कि 16 जवान एक क्षतिग्रस्त जलापूर्ति लाईन की मरम्मत के लिए नामागया से शिपकी ला सीमा चौकी की ओर गये थे, उसी बीच हिमस्खलन हुआ एवं उनमें से छह उसमें दब गये थे।
उनमें से एक बाहर निकाल लिये जाने के बाद भी बच नहीं पाये। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि जब तक आखिरी व्यक्ति को बाहर निकाल नहीं लिया जाता, तब तक तलाश एवं बचाव अभियान जारी रहेगा। सेना के जवानों समेत करीब 150 व्यक्ति फंसे हुए जवानों को ढूंढने में जुटे हैं। इस घटना की पुष्टि करते हुए रक्षा जनसंपर्क अधिकारी अमित गौड़ ने कहा कि सेना बृहस्पतिवार को आधिकारिक बयान जारी करेगी।