क्रिकेट और बॉलीवुड का पुराना नाता है। अब एक और कपल शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। क्रिकेटर केएल राहुल और एक्ट्रेस अथिया शेट्टी लंबे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में उनकी शादी को लेकर कयास लगने लगे थे लेकिन सुनील शेट्टी ने हर बार इससे इनकार किया। उन्होंने कहा था कि जब दोनों बच्चे आजाद होंगे तो शादी धूमधाम से होगी। अब केएल राहुल और अथिया की शादी को लेकर एक बड़ा अपडेट आया है। उनकी शादी की रस्में सुनील शेट्टी के खंडाला बंगले में संपन्न होगी।
एक दूसरे के होने जा रहे हैं केएल राहुल और अथिया
केएल राहुल और अथिया की शादी के बारे में चर्चा तब तेज हुई जब अप्रैल 2022 में यह पता चला कि वे कार्टर रोड पर एक अपार्टमेंट में शिफ्ट होने जा रहे हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक उनकी शादी किसी महंगे रिसॉर्ट या होटल में नहीं बल्कि खंडाला स्थित सुनील शेट्टी के बंगले में होगी। सुनील शेट्टी के बंगले का नाम ‘जहां’ है। केएल राहुल और अथिया इस साल दिसंबर के अंत तक या जनवरी के पहले सप्ताह में सात फेरे ले सकते हैं।
17 साल पहले बनाया गया था बंगला
सुनीलू शेट्टी का यह बंगला उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने इसे 17 साल पहले बनाया था। बंगला एक बड़े क्षेत्र में फैला हुआ है और इसके इंटीरियर में पेड़-पौधों का इस्तेमाल किया गया है।
3 साल से डेटिंग
अथिया और केएल राहुल पिछले 3 साल से डेट कर रहे हैं। उनकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। दोनों इंस्टाग्राम पर भी एक दूसरे के लिए प्यार का इजहार कर चुके हैं और अक्सर तस्वीरों पर कमेंट करते रहते हैं।