लगातार दूसरे दिन कोरोना मरीजों में रिकॉर्ड वृद्धि से लेकर मजदूरों की मदद तक, जानिये लेटेस्ट अपडेट

Summary :

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 126 लोगों की मौत हो जाने के बाद इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,694 हो गई है और संक्रमण के 2,958 नए मामले सामने के साथ ही संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 49,391 हो गई है।

1.नयी दिल्ली: देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 126 लोगों की मौत हो जाने के बाद इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,694 हो गई है और संक्रमण के 2,958 नए मामले सामने के साथ ही संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 49,391 हो गई है। 
2.नयी दिल्ली: सरकार ने बुधवार को कहा कि आरोग्य सेतु ऐप में कोई डेटा या सुरक्षा उल्लंघन का मामला नहीं पाया गया है। इससे पहले एथिकल हैकर ने ऐप में संभावित सुरक्षा मुद्दे को लेकर चिंता जताई थी। 
3.नयी दिल्ली: मंत्रियों के समूह (जीओएम) को मंगलवार को जानकारी दी गई कि घरेलू उद्योगों की उत्पादन क्षमता में वृद्धि हुई है और अब देश में प्रतिदिन लगभग ढाई लाख निजी सुरक्षा उपकरण (पीपीई) और दो लाख एन-95 मास्क बनाए जा सकते हैं। 
4.रांची: झारखंड में दो दिन तक कोई कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिलने के बाद मंगलवार को रांची के हिंदपीढ़ी से आठ नये कोरोना वायरस संक्रमित मरीज मिले, साथ ही गुड़गांव से लौटे दो लोग दुमका में संक्रमित पाये गये जिन्हें मिलाकर राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या अब 125 तक पहुंच गयी है। 
5.प्रयागराज: कोरोना वायरस से संक्रमित लूकरगंज निवासी सिविल इंजीनियर की मंगलवार देर रात स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में मृत्यु हो गई। जिले में कोरोना वायरस से मौत का यह पहला मामला है। जिले के नोडल अधिकारी (कोविड-19) डॉक्टर ऋषि सहाय ने संक्रमण से मौत की पुष्टि की। 
6.भुवनेश्वर: ओडिशा में कोरोना वायरस संक्रमण से दूसरी मौत हुई है। मंगलवार रात भुवनेश्वर में 77 साल के बुजुर्ग ने संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया। 
7.जयपुर : राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से बुधवार को एक और व्यक्ति की मौत हो गयी जिससे राज्य में इस घातक वायरस से मरने वालों की संख्या 90 हो गयी है। इस बीच 35 नये मामले आने से राज्य में कोरोना वायरस संक्रमितों की कुल संख्या 3,193 हो गयी है। 
8.इंदौर : देश में कोरोना वायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में इस महामारी से दो और मरीजों की मौत हो गयी है। इसके साथ ही, जिले में इस वायरस के संक्रमण के कारण दम तोड़ने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 81 पर पहुंच गयी है। 
9.आगरा : आगरा में बुधवार सुबह कोरोना वायरस संक्रमण के 13 नए मामले सामने आए जिनमें से चार लोग संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं।
10.इंदौर: कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते लागू देशव्यापी लॉकडाउन के बीच अपने मूल निवास स्थानों को लौट रहे प्रवासी मजदूरों के लिये मदद का हाथ बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने जगह-जगह भोजनशालाएं खोल दी हैं। 
11.नयी दिल्ली : नकदी संकट से जूझ रही केंद्र सरकार को पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी से चालू वित्त वर्ष में 1.6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिल सकता है। इससे सरकार को कोरोना वायरस संकट के चलते लॉकडाउन (बंद) से हो रहे राजस्व नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी। 
12.वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस का प्रकोप कम हो रहा है और यह युद्ध अब अगले चरण में पहुंच गया है जो है देश को बहुत ही सुरक्षित, चरणबद्ध तरीके से तथा धीरे-धीरे फिर से खोलना। 
13.सियोल : दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट जारी है और अब इस संक्रमण के सिर्फ दो नए मामले सामने आए हैं। 
14.वॉशिंगटन : अमेरिका के रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने मंगलवार को कहा कि चीन की सेना दक्षिण चीन सागर में आक्रामक रूख अपना रही है और ‘चाइनीज कम्युनिस्ट पार्टी’ ने कोरोना वायरस को लेकर उस पर लग रहे आरोपों से ध्यान भटकाने और अपनी छवि को सुधारने के लिए झूठी सूचनाएं फैलाने का अभियान तेज कर दिया है। 
15.न्यूयॉर्क : कोरोना वायरस वैश्विक महामारी को काबू करने की दिशा में न्यूयॉर्क में हुई प्रगति को यदि न गिना जाए, तो आंकड़े दर्शाते हैं कि अमेरिका इस बीमारी से निपटने को लेकर गलत दिशा में आगे बढ़ रहा है। दरअसल, न्यूयॉर्क के अलावा अमेरिका में अन्य स्थानों पर संक्रमण की दर बढ़ रही है। 

Ujjwal Jain