राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा है कि अपने जीवंत लोकतंत्र के बल पर भारत ने एक जिम्मेदार और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी साख बढ़ाई है।
राष्ट्रपति ने सोमवार को यहां 72वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम संदेश में कहा कि भारत के सुदृढ़ और सिद्धान्त-परक रवैये के विषय में अंतरराष्ट्रीय समुदाय भली-भांति अवगत है। उन्होंने कहा, “ भारत, प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते हुए, विश्व-समुदाय में अपना समुचित स्थान बना रहा है। पिछले कुछ वर्षों में, भारत का प्रभाव-क्षेत्र और अधिक विस्तृत हुआ है तथा इसमें विश्व के व्यापक क्षेत्र शामिल हुए हैं।”
राष्ट्रपति राम नाथ काेविंद ने कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति के लिए किसानों, देश की सीमाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करने में सफल रहे जवानों और कोविड से निपटने तथा विकास के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा है कि सरकार किसानों समेत समस्त वर्गों के कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
कोविंद ने अपने संबोधन में कहा कि आत्म-विश्वास के साथ भारत ने कई क्षेत्रों में बड़े कदम उठाए हैं। पूरी गति से आगे बढ़ रहे हमारे आर्थिक सुधारों के पूरक के रूप में, नए क़ानून बनाकर, कृषि और श्रम के क्षेत्रों में ऐसे सुधार किए गए हैं, जो लम्बे समय से अपेक्षित थे। उन्होंने कहा, “ आरम्भ में इन सुधारों के विषय में आशंकाएं उत्पन्न हो सकती हैं लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि किसानों के हित के लिए सरकार पूरी तरह समर्पित है।”