कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला द्वारा मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी को शुक्रवार दोपहर तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहे जाने के बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येदियुरप्पा ने इस गठबंधन सरकार के गिर जाने का अनुमान व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ विचार विमर्श करने के बाद भावी कार्यक्रम तय करेगी।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को शुक्रवार डेढ़ बजे तक विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहा था। येदियुरप्पा ने कहा, “खासकर आज कांग्रेस-JDS सरकार के कुशासन का अंत हो जाएगा, मुख्यमंत्री अपना विदाई भाषण देंगे, हम उसे (भाषण को) ध्यान से सुनेंगे।”
कर्नाटक : विश्वास मत पर रोक के लिए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे कुमारस्वामी
उन्होंने कहा, “सदन की आज की कार्यवाही के नतीजे के आधार पर हम अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से चर्चा करेंगे और भावी कार्यक्रम तय करेंगे।” उन्होंने कहा कि शुक्रवार कर्नाटक में भाजपा के लिए अच्छा दिन होगा। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि ईश्वर की कृपा से सब कुछ अच्छा होगा।” विपक्ष के नेता येदियुरप्पा विश्वास मत में देरी के विरोध में अपने पार्टी विधायकों के साथ पूरी रात सदन में ठहरे रहे।
सत्तारूढ़ गठबंधन और विधानसभा अध्यक्ष पर समय निर्धारित होने के बावजूद विश्वास मत में देरी की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा, “उन्होंने बृहस्पतिवार को हमें उकसाने का प्रयत्न किया लेकिन हम चुप्प रहे, हम शुक्रवार को भी ऐसा ही करेंगे।”


Download Android App
Download iOS App



