देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का कहर बरकरार है। इस बीच भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 18,855 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 1,07,20,048 हो गई। इसी दौरान देश में कोविड-19 से 163 मौतें हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा बढ़ कर 1,54,010 हो गया।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। पिछले 22 दिनों से भारत में कोरोना वायरस के 20 हजार से कम मामले दर्ज हो रहे हैं। मौतों की संख्या भी 300 से कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक देश में 1,03,94,352 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं। फिलहाल देश में 1,71,686 मरीज सक्रिय रूप से संक्रमित हैं।
रिकवरी रेट 96.96 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.62 प्रतिशत है। देश में 78 प्रतिशत मामले सात राज्यों से सामने आ रहे हैं जिनमें केरल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार, कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात शामिल हैं। अब तक भारत में 28 लाख लाभार्थियों को कोविड का टीका लगाया जा चुका है।
केरल में पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक 158 सक्रिय मामले बढे हैं और सबसे अधिक 5594 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में सक्रिय मामले अब 72,634 हो गये हैं, वहीं कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा बढ़कर 8.35 लाख हो गया है जबकि 19 और मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 3682 हो गयी है। सक्रिय मामलों में केरल अभी पहले स्थान पर है।
महाराष्ट्र में इस दौरान 342 सक्रिय मामले कम हुए जिससे कुल सक्रिय मामले 44,282 हो गये हैं। वहीं 3181 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद करीब 19.23 लाख हो गयी है जबकि 50 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 50,944 हो गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई दिनों बाद सक्रिय मामलों में 74 की वृद्धि दर्ज की गयी है और अब इनकी संख्या 1575 हो गयी है। वहीं छह और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 10,835 हो गयी है। दिल्ली में अब तक करीब 6.22 लाख मरीज कोरोनामुक्त हुए हैं।