महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव चार चरणों में होंगे। पहले चरण यानी 11 अप्रैल को विदर्भ क्षेत्र में मतदान होगा, जबकि मुंबई की सभी सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीट हैं जो उत्तर प्रदेश की 80 सीटों के बाद सबसे ज्यादा हैं।
चुनाव आयोग ने रविवार को बताया कि आम चुनाव का कार्यक्रम सात चरणों में मुकम्मल होगा जिसका शंखनाद 11 अप्रैल से होगा।
आयोग ने बताया कि पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल, दूसरे का 18 अप्रैल, तीसरे का 23 अप्रैल, चौथे का 29 अप्रैल, पांचवें का छह मई, छठे का 12 मई और अंतिम यानी सातवें चरण का मतदान 19 मई को होगा। वहीं सभी चरणों के लिए मतगणना एक ही दिन 23 मई को होगी।
फेक न्यूज रोकने के लिए तथ्यों की जांच परख करने वालों को तैनात करेंगी सोशल मीडिया साइटें : चुनाव आयोग
महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में आने वाली वर्धा, रामटेक, नागपुर, भंडारा गोंदिया, गढचिरौली-चिमौर, चंद्रपुर और यवतमाल-वाशिम सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होगा।
वहीं बुलढाणा, अकोला, अमरावती,हिंगोली, नादेड़, परभणी, बीड, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर सीटों पर दूसरे चरण यानी 18 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इनमें से अधिकतर सीटें मराठवाड़ा क्षेत्र में पड़ती हैं। 23 अप्रैल को तीसरे चरण के तहत राज्य की कुल14 लोकसभा सीटों पर वोट पड़ेंगे।
इनमें जलगांव, रावेर, जलना, औरंगाबाद, रायगढ़, पुणे, बारामति, अहमदनगर, मढ़ा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हातकणंगले सीटें शामिल हैं।
महाराष्ट्र में अंतिम चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जिसमें 17 सीटें आएंगी। इन लोकसभा सीटों में नंदुरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, मावल, शीरूर और शिरडी शामिल हैं।
राज्य में 25 जनवरी तक कुल 8,73,30,484 मतदाता हैं।
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी कुमार ने कहा कि राज्य में शहरीकरण बढ़ने के कारण इस बार शहरी इलाकों में 11,000 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हमने ग्रामीण इलाकों में करीब 6,000 मतदान केंद्र रद्द किए हैं।
2014 के आम चुनाव में राज्य में 62.24 फीसदी मतदान हुआ था।