राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद मनोज झा ने शुक्रवार को राज्यसभा में उपसभापति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। विभिन्न विपक्षी दलों की ओर से मनोज झा को उपसभापति पद के लिए होने वाले चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार चुना गया।
इस पद के लिए 14 सितंबर को चुनाव होने हैं। मनोज झा आरजेडी उम्मीदवार और जद (यू) सदस्य हरिवंश नरायण सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। हरिवंश अपने पिछले कार्यकाल तक उपसभापति थे। वह एक बार फिर बिहार से उच्च सदन के लिए चुने गए हैं।
मनोज झा राजनीति में आने से पहले दिल्ली विश्वविद्यालय में शिक्षक थे। वह राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं। राजद और जद (यू) बिहार की धुर विरोधी पार्टियां हैं। राज्य में जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने हैं।
हरिवंश ने पिछली बार अगस्त 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस नेता बी के हरिप्रसाद को 105 मतों की तुलना में 125 मतों से पराजित किया था। उस समय से उच्च सदन में राजग की स्थिति और मजबूत हुई है। हरिवंश ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।