राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने राम नवमी की पूर्व संध्या पर बुधवार को देशवासियों को बधाई दी और लोगों से इस मौके पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की है।
श्री कोविंद ने अपनी शुभकामना संदेश में लोगों से प्रभु श्रीराम के आदर्शों का पालन करने और एक सर्वोत्तम राष्ट्र का निर्माण करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा,‘‘ इस त्योहार को मनाते समय सोशल डिस्टेंसिंग सहित सभी सरकारी नियमों का पालने करें और वैश्विक महामारी कोविड-19 को परास्त करें।’’
उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, ‘‘ यह त्योहार हमारे सभी देशवासियों को स्वास्थ्य, खुशी, शांति और समृद्धि दे और आप सभी को मौजूदा समय में स्वास्थ्य को लेकर उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करे।’’ उल्लेखनीय है कि रामनवमी का त्योहार भगवान श्रीराम के जन्म के उपलक्ष में मनाया जाता है। ऐसा मान्यता है कि त्रेता युग में भगवान श्रीराम आज के ही दिन अयोध्या में अवतरित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदि शक्ति माँ भगवती के अनुष्ठान का पर्व वासन्तिक नवरात्रि एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के पावन जन्मदिन रामनवमी पर प्रदेशवासियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
श्री योगी ने कहा कि शक्ति की अधिष्ठात्री देवी के अनुष्ठान की नवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मदिन हम सबको एक नई प्रेरणा और प्रकाश प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति की अधिष्ठात्री देवी माँ भगवती इस चराचर जगत की आदि शक्ति हैं तो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का सम्पूर्ण जीवन हम सबको जीवन के उच्च आदर्शों और मर्यादाओं का पालन करने की एक नई प्रेरणा प्रदान करता है। राम नवमी के दिन नौ कन्याओं का पूजन मातृ शक्ति के प्रति भारत की सनातन आस्था और सम्मान के भाव को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सभी प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान हम घर पर रह कर ही करें और लॉक डाउन को पूर्ण समर्थन दें, तो भारत के कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान को एक नई गति मिलेगी और हम इस संक्रमण से प्रत्येक नागरिक को बचाने में सफल होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि शक्ति माँ भगवती की शक्ति और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की मर्यादा हम सबको अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों से जोड़ने में एक नई शक्ति प्रदान करेगी। उन्होंने इस पावन अवसर पर समस्त प्रदेश वासियों को अपनी ओर से अनन्त शुभकामनाएं प्रेषित की।
उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने प्रदेश वासियों को राम नवमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी हैं।
श्रीमती रानी ने अपने संदेश में कहा, ’’मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का जीवन चरित्र समाज के लिए सदैव पथ प्रदर्शक रहा है। श्री राम के जीवन से हमें सत्य, संकल्प, साहस, धैर्य और नैतिकता का ज्ञान मिलता है। उन्होंने श्री राम से प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की प्रार्थना की है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के मौके पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
श्री कुमार ने आज यहां शुभकामना संदेश में कहा कि रामनवमी जैसे पर्व राष्ट्रीय एकता, अखण्डता तथा देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। उन्होंने राज्यवासियों से आह्वान किया कि पावन पर्व रामनवमी को प्रेम और भाईचारे के साथ हर्षोल्लास के साथ मनायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुये प्रत्येक व्यक्ति का सचेत रहना नितान्त आवश्यक है। इसका सबसे अच्छा उपाय सोशल डिस्टेंसिंग है। सब लोग घर के अंदर रहें, सभी सहयोग से ही इस महामारी से निपटने में सफलता मिलेगी।
बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने ‘रामनवमी’ पर्व के अवसर पर सभी बिहारवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।
श्री चौहान ने अपने शुभकामना-संदेश में कहा है कि रामनवमी पर्व भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में असीम भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। उन्होंने कहा है कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम भारतीय संस्कृति और वाङ्मय में शक्ति, शील और सच्चरित्रता के प्रेरणा-पुंज माने गये हैं। रामकथा और उसमें वर्णित भगवान राम के जीवनादर्शों से मानवता को सत्य, प्रेम, मैत्री, त्याग, तपस्या, सहिष्णुता, सछ्वावना और शांति की शिक्षा मिलती है।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेनि्संग सहित अन्य सभी मार्ग-निर्देशों पर भी पूरी तरह अमल होना चाहिए।