पहलू खान हत्या मामले में आरोपियों को बरी किए जाने पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने राजस्थान की गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। मायावती ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को घेरते हुये इसे घोर लापरवाही बताया है।
मायावती ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, “राजस्थान कांग्रेस सरकार की घोर लापरवाही व निष्क्रियता के कारण बहुचर्चित पहलू खान माब लिंचिंग मामले में सभी 6 आरोपी वहां की निचली अदालत से बरी हो गए। यह अतिदुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के मामले में वहां की सरकार अगर सतर्क रहती तो क्या यह संभव था, शायद कभी नहीं।”

वही, पहलू खान मामले में कोर्ट के फैसले के बाद राजस्थान सरकार ने अहम मीटिंग बुलाई। इस बैठक में सीएम गहलोत ने हाई कोर्ट में अपील के साथ जांच का आदेश दिया। इससे पहले शुक्रवार सुबह प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मामले में सभी आरोपियों को बरी किए जाने संबंधी अदालती फैसले को ”चौंकाने वाला” करार देते हुए उम्मीद जताई कि इस मामले न्याय दिलाकर अच्छा उदाहरण पेश किया जाएगा।
गौरतलब है कि पहलू खान हत्याकांड में अलवर जिला न्यायालय ने बुधवार को फैसला सुनाते हुए सभी छह आरोपियों को बरी कर दिया। गो तस्करी के शक में भीड़ ने अप्रैल 2017 में पहलू खान की पिटाई की और इसके दो दिनों बाद पहलू खान की मौत हो गई। यह घटना राजस्थान के अलवर में हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



