कोरोना महामारी के खिलाफ जारी टीकाकरण अभियान के मद्देनजर सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को अभी तक 95.96 करोड़ से अधिक कोविड-19 टीके की खुराकें मुहैया कराई गई हैं। यह जानकारी रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी। मंत्रालय ने बताया कि राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 के टीकों की अब भी 8,28,73,425 खुराक बची हैं।
मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि केंद्र सरकार पूरे देश में कोविड-19 टीकाकरण की गति को तेज करने के लिए कृतसंकल्प है। इसने कहा कि टीके की ज्यादा उपलब्धता, राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के पास टीका उपलब्धता की पारदर्शिता एवं टीका आपूर्ति श्रृंखला को सुचारू बनाकर टीकाकरण अभियान में तेजी लाई गई है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र सरकार राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 के टीके नि:शुल्क मुहैया कराकर उनका सहयोग कर रही है।
भारत में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामले
देश में कोरोना महामारी के नए मामलों में गिरावट का दौर जारी है। रविवार को देश में एक बार फिर कोरोना का दैनिक आंकड़ा 20 हजार से नीचे दर्ज किया गया। वहीं एक्टिव केस की संख्या में हो रही गिरावट के चलते इस समय देश में एक्टिव केस 2,30,971 पर बनी हुई है। इसके साथ ही पिछले 24 घंटे में 66 लाख 85 हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन दी गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते एक दिन में 18,166 नए केस मिले हैं। यह आंकड़ा बीते 214 दिनों में सबसे कम है। तेजी से नए मामलों में कमी से एक्टिव केस भी घटे हैं। फिलहाल एक्टिव केसों का प्रतिशत देखें तो अब यह महज 0.68 फीसदी ही रह गया है।