ऑस्ट्रेलियाई PM की समोसे वाली पोस्ट पर प्रधानमंत्री मोदी बोले- कोरोना पर जीत के बाद मिलकर उठाएंगे आनंद

Summary :

स्कॉट मॉरिसन ने रविवार को चार जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो के माध्यम से मुलाकात के मद्देनजर समोसे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि वह इस मशहूर स्नैक को भारतीय नेता के साथ खाना चाहेंगे।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने रविवार को चार जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो के माध्यम से मुलाकात के मद्देनजर समोसे की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि वह इस मशहूर स्नैक को भारतीय नेता के साथ खाना चाहेंगे। जिसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ निर्णायक जीत हासिल कर लेंगे तो हम एक साथ मिलकर समोसे का आनंद उठाएंगे। 

मॉरिसन ने ट्वीट किया, ‘‘रविवार को आम की चटनी के साथ समोसे। वीडियो लिंक के जरिए इस सप्ताह नरेंद्र मोदी के साथ मेरी बैठक है। वे शाकाहारी हैं, मैं उनके साथ समोसे खाना चाहूंगा।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि दोनों देश ‘‘हिंद महासागर से जुड़े है और भारतीय समोसे से एकजुट हैं।’’ मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘स्वादिष्ट दिख रहा है प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन। जब हम कोविड-19 के खिलाफ निर्णायक जीत हासिल कर लेंगे तो हम एक साथ मिलकर समोसे का आनंद उठाएंगे। चार जून को हमारी वीडियो मुलाकात का इंतजार है।’’
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन की चार जून को वीडियो लिंक के जरिए से बातचीत होने वाली है। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच देशों के हितों के बारे में चर्चा होगी।

Desk Team