प्रधानमंत्री नरेंद मोदी छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। इसके बाद PM मोदी मध्य प्रदेश ग्वालियर और शहडोल में जहां रैलियों को संबोधित करेंगे। अंबिकापुर की रैली में PM मोदी ने कहा कि जब में यहाँ आया था तो यहां लोगों ने लालकिला बनाया था, उस रैली से दिल्ली वालों की नींद हराम हो गई थी। जिन्होंने अंबिकापुर को बदनाम किया है, उन्हें चुन-चुन इस बार जवाब देने का मौका है। एक परिवार के लोगों ने देश पर दशकों तक राज्य किया और आप जानते हैं कि देश की हालत क्या हो गई।
मोदी ने कहा कि यदि कांग्रेस (गांधी) परिवार से बाहर के किसी व्यक्ति को कम से कम पांच साल के लिए पार्टी अध्यक्ष बनाती है, तब उन्हें विश्वास होगा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू ने सचमुच वहां लोकतांत्रिक प्रणाली विकसित की थी। छत्तीसगढ़ में 20 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के लिए यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मैं उन्हें चुनौती देना चाहता हूं।
परिवार से बाहर कांग्रेस के किसी अच्छे नेता को पांच साल के लिए पार्टी अध्यक्ष बनने दें, फिर मैं मानूंगा कि नेहरू जी ने सचमुच लोकतांत्रिक प्रणाली विकसित की थी।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस चार पीढ़ियों से देश पर शासन कर रही है उसे हिसाब देना चाहिए कि देश के लिए क्या किया है। मोदी ने कहा, ‘‘जनता ने इस बात को ठुकरा दिया कि दिल्ली में लाल किले की प्राचीर से बोलने का अधिकार सिर्फ एक परिवार को है।’’ पहले चरण के चुनाव में मतदाताओं की जबर्दस्त भागीदारी के संबंध में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान कर छत्तीसगढ़ के बस्तर की जनता ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।