नई दिल्ली : मोदी सरकार में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। तीन केंद्रीय मंत्रियों राजीव प्रताप रूडी, उमा भारती और फग्गन सिंह कुलस्ते ने मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को भेज दिया है। कुल 8-9 मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है जिनमें निर्मला सीतारमण, संजीव बालियान, कलराज मिश्र और गिरिराज सिंह के नाम भी शामिल हैं। जिन मंत्रियों को हटाया जाना है उनसे बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने मुलाकात की। बताया जा रहा है कि हटाए गए मंत्रियों को पार्टी संगठन में जगह दी जा सकती है। प्रधानमंत्री मोदी के चीन दौरे से पहले 3 सितंबर रविवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है।संभावित मंत्रियों में अश्विनी चौबे, हेमंत बिस्वा, प्रह्लाद जोशी,भूपेन्द्र यादव, विनय सहस्त्रबुद्धे, हरीश द्विवेदी, सुरेश आंगड़ी और सतपाल सिंह का नाम शामिल है।
कैबिनेट विस्तार में JDU कोटे से मंत्री बनाए जाएंगे, नए रक्षामंत्री पर भी फैसला होगा। जिन मंत्रियों को हटाया जाएगा उनको संगठन में काम दिया जाएगा। अमित शाह ने हटाए जाने वाले मंत्रियों से मुलाकात की। साथ ही रेल मंत्री सुरेश प्रभु की कैबिनेट से छुट्टी हो सकती है। बुधवार को ही रेलमंत्री ने खुद ही इस्तीफे की पेशकश का इशारा किया है। सुरेश प्रभु ने ट्वीट कर कहा है कि रेल हादसों की नैतिक ज़िम्मेदारी मेरी है। मैंने पीएम से मिलकर ज़िम्मेदारी ली है। पीएम ने मुझे इंतज़ार करने को कहा है।
मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा देने वाले मंत्री
उमा भारती
राजीव प्रताप रूडी
फग्गन सिंह कुलस्ते
मंत्रिमंडल से छुट्टी संभव
कलराज मिश्र
गिरिराज सिंह
निर्मला सीतारमण
संजीव बालियान
महेन्द्र नाथ पांडे
उम्मीद जताई जा रही है कि कैबिनेट विस्तार में देश को नया रक्षा मंत्री भी मिल सकता है। मनोहर पर्रिकर के गोवा के मुख्यमंत्री बनने के बाद से वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास ही रक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार है। गौरतलब है कि चीन सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच यह मांग भी उठी है कि देश में एक फुल टाइम डिफेंस मिनिस्टर होना जरूरी है. इसके साथ ही बैठक में जो मंत्रालय के पद खाली हैं या उस पर भी नियुक्तियां संभव है।
सहयोगी दलों से भी मंत्री बनेंगे
संभावित विस्तार में जद (यू) से दो, शिवसेना से एक व तेलुगुदेशम से एक मंत्री बनाए जा सकते हैं। तेलुगुदेशम से एक और मंत्री बनाए जाने की जगह उसके एक मौजूदा राज्यमंत्री को पदोन्नत किए जाने की संभावना भी है। इनके साथ भाजपा से एक दर्जन नए मंत्री बनाए जाने की संभावना है। अन्नाद्रमुक के एम. थंबीदुरई और बी. मैत्रेयन भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। कम से कम आधा दर्जन मंत्रियों को सरकार से संगठन में लाए जाने की संभावना भी है।
जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल से हटाये जाने वाले मंत्रियों को संगठन में नयी ज़िम्मेदारी दी जा सकती है। सुत्रों के मुताबिक केंद्रीय कैबिनेट की तरह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पार्टी संगठन में भी बदलाव करने वाले हैं। गुरुवार को उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के तौर पर महेंद्र नाथ पांडे की नियुक्ति इसी दिशा में लिया गया अहम कदम माना जा रहा है। तीन सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने चीन जाने वाले हैं। संभावना है कि उससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार को अंतिम रुप दे दिया जायेगा।