देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के मामलों में फिर से तेजी से फैल रहे है। पिछले 24 घंटे के दौरान 62 हजार से अधिक नये मामले सामने आये हैं और इस वायरस के संक्रमण से 291 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 62,258 नये मामले दर्ज किये गये जो इस वर्ष में अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इस अवधि में कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या 291 तक पहुंच गयी जो गत दिवस 257 थी। इस महामारी के संक्रमण से 30,386 लोग ठीक हुए हैं। इस बीच देश में अब तक 5,81,09,773 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 62,258 नये मामले सामने आये हैं जिससे संक्रमितों की संख्या एक करोड़ 19 लाख 08 हजार 910 हो गयी है। इस दाैरान 30,386 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक 1,12,95,023 मरीज कोरोनामुक्त भी हो चुके हैं। सक्रिय मामले 4,52,647 हो गये हैं। इसी अवधि में 291 और मरीजों की मौत के साथ इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 1,61,240 हो गयी है।
इससे पहले शुक्रवार को 58,886 नये मामले दर्ज किये गये। गुरुवार को 53,476, बुधवार को 47,262 , मंगलवार को यह संख्या 40,715, सोमवार को 46,951, रविवार को 43,846, शनिवार 40,953 और गत शुक्रवार को 39,726 दर्ज की गई थी। देश में रिकवरी दर आंशिक घटकर 95.09 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर दो प्रतिशत के पार 3.55 प्रतिशत हो गया है जबकि मृत्युदर अभी 1.36 फीसदी है। इस बीच देश में अब तक पांच करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
आज देश के करीब 33 राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोना के नए मामलों में वृद्धि हुई है। महाराष्ट्र कोरोना के सक्रिय मामलों में शीर्ष पर है और राज्य में इस दौरान 36,209 नए मामले सामने आए है। यहां सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर बढ़कर 2,82,451 हो गयी है। राज्य में 17,019 मरीज स्वस्थ हुए, जिसे मिलाकर कोरोना को मात देने वालों की तादाद 23 लाख के पार पहुंच गयी है जबकि 112 और मरीजों की मौत से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 53,907 हो गया है।
राज्य में संक्रमितों की संख्या 26.37 लाख से अधिक हो गयी है। इसके बाद पंजाब में 3122 नए मामले सामने आए है यहां सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 22,65 हो गई है। इस दौरान 59 लोगों की बीमारी से मौत होने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 6576 हो गई। इस बीच 1816 लोग बीमारी से ठीक हुए। नए मामलों में छत्तीसगढ़ में तेजी से वृद्धि हुई है।
यहां पिछले 24 घंटे में 2665 नए मामले सामने आए है और सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 15,307 हो गई है। इस दौरान 266 लोगों के ठीक होने से राज्य में स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 315,423 हो गई। इस अवधि में 22 लोगों की मौत होने से मतृकों की संख्या 4048 हो गई है। चौथे नंबर पर कर्नाटक है यहां बीते दिन 2566 नए मामले समाने आए और 13 लोगों की मौत हुई है।