जाने – माने राजनेता और कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी का बुधवार को गाजियाबाद स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। राष्ट्रीय पार्टी द्वारा आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से अपने नेता के निधन की जानकारी दी गयी है ।
कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल द्वारा किये गए ट्वीट में लिखा गया, “श्री राजीव त्यागी के आकस्मिक निधन से हम बहुत दुखी हैं। एक मजबूत कांग्रेसी और एक सच्चे देशभक्त। दुःख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।”
We are deeply saddened by the sudden demise of Shri Rajiv Tyagi. A staunch Congressman & a true patriot. Our thoughts and prayers are with his families & friends in this time of grief. pic.twitter.com/yHKSlzPwbX
— Congress (@INCIndia) August 12, 2020
बता दें , पिछले साल अक्टूबर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राजीव त्यागी को उत्तर प्रदेश में अपना मीडिया प्रभारी नियुक्त किया था। त्यागी कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता थे और उन्होंने पार्टी में विभिन्न क्षमताओं में काम किया था। उन्हें 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में मुंबई में मीडिया को संभालने के लिए भी सौंपा गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता त्यागी आज शाम तक पूरी तरह स्वस्थ थे और करीब 5 बजे वो एक टीवी चैनल पर लाइव डेबिट में भी जुड़े थे। इसके बाद अचानक उनकी तबियत बिगड़ी और वह बेहोश हो गए। परिवार के सदस्य उन्हें गाजियाबाद के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।