मालदीव में फंसे 700 भारतीय नागरिकों को लेकर नौसेना का जहाज ‘जलाश्व’ रविवार को तूतीकोरिन बंदरगाह पर पहुंचा। इससे पहले इस सप्ताह की शुरुआत में आईएनएस जलाश्व श्रीलंका में फंसे भारतीयों को लेकर भारत लौटा था और “आपरेशन समुद्र सेतु” के तहत अब तक इस जहाज से लगभग 2700 भारतीय देश लौट चुके हैं।
बंदरगाह के अधिकारियों ने कहा कि वापस लौटे लोगों में से 686 लोग तमिलनाडु से है जबकि अन्य लोग कर्नाटक, केरल और पुडुचेरी के हैं। जहाज पांच जून को पोर्ट ऑफ माले से रवाना हुआ और रविवार को यहां पहुंचा। बंदरगाह पर स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा यात्रियों की जांच की गई और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनके सामान को भी संक्रमणमुक्त किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि बाद में उन्हें बसों द्वारा अपने जिलों में भेज दिया गया। भारतीय नौसेना ‘ऑपरेशन समुद्र सेतु’ कार्यक्रम के तहत 10 मई, 12 मई, 17 और दो जून को मालदीव और श्रीलंका में फंसे भारतीय नागरिकों को अपने दो जहाजों आईएनएस जलाश्व और आईएनएस सागर से वापस लायी।