भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्मार्ट सिटी भारत के नवनिर्माण में विशेष भूमिका अदा करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत तेजी से बदल रहा है। विकास के हर क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल करते हुए मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर आ गया है। उन्होंने कहा कि हम विकास के निरंतर प्रयासों से मध्यप्रदेश की सूरत बदल देंगे। मुख्यमंत्री ने यह बात स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी बनने के साथ ही लोगों की मानसिकता भी बदलेगी। उन्होंने स्वच्छता मिशन का उदाहरण देते हुए कहा कि अब यह जनआंदोलन बन गया है। लोगों की मानसिकता में परिवर्तन आया है। ऐसे ही जब स्मार्ट शहर अपना स्वरूप ले रहे हैं तो नागरिकों की अपने शहर को लेकर मानसिकता में सकारात्मक परिवर्तन भी आ रहा है।
इस मौके पर केन्द्रीय शहरी कार्य राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्मार्ट सिटी को वेव ऑफ फ्यूचर बताते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी के लिए जलवायु परिवर्तन, शिक्षा, सुरक्षा, सीवेज, उद्यमिता, कौशल विकास जैसे विषयों पर सलाहकार समितियां बनाई जायेंगी। एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर: एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर से परिवहन, जल, अग्नि पुलिस, मौसम विज्ञान, ई-गवर्नेंस जैसे विभिन्न विभागों से प्राप्त जानकारी का एक मंच पर समाधान और विश्लेषण किया जायेगा। शहर में लगे सभी सेंसर्स जैसे पब्लिक ट्रांसपोर्ट बसों में लगे जीपीएस सेंसर्स, डायल-100 वाहन की स्थिति, 108 एम्बुलेंस की स्थिति, स्मार्ट पोल एवं स्मार्ट लाइट, ट्रैफिक मैनेजमेंट कैमरे, पब्लिक बाईक शेयरिंग, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, मौसम विभाग, सोलर पैनल्स, स्मार्ट मैप इत्यादि व्यवस्था एवं परियोजनाओं का डाटा यहां स्टोर होगा।
जिससे आपातकालीन स्थिति तुरंत कार्यवाही करने में मदद मिलेगी। दुर्घटना या किसी अन्य आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष से लाइव वीडियो देखकर जरूरी आवश्यक सेवाओं को तुरंत सूचित किया जा सकेगा। इन्क्यूबेशन सेंटर: शहर के युवाओं में उद्यमशीलता का विकास करने और नए स्टार्टअप शुरू करने के लिये जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिये इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना की गई है। यहां युवाओं को स्टार्टअप के संबंध में तकनीकी ज्ञान, व्यवसाय संबंधी सभी पहलुओं और संभावित जोखिमों के बारे में जानकारी के साथ सहायता उपलब्ध करवाई जायेगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।