लंदन की सड़कों पर घूम रहा भगोड़ा नीरव मोदी, कांग्रेस बोली- मोदी है तो मुमकिन है

Summary :

ब्रिटेन के एक बड़े अखबार ने अपनी खबर में दावा किया है कि नीरव मोदी लंदन में एक आलीशान अपार्टमेंट में रहता है और वहां की सड़कों पर घूमता है।

अरबों रुपये की बैंक जालसाजी के आरोपी नीरव मोदी के लंदन में रहने और वहां की सड़कों पर सरेआम घूमने से जुड़ी खबर को लेकर कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि हजारों करोड़ रुपये लूटकर ऐशगाह में जिंदगी बिताना इस सरकार में ही मुमकिन है।

कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘पत्रकार नीरव मोदी को पकड़ने में कामयाब हुए। मोदी सरकार ऐसा क्यों नहीं कर पाई? मोदी किसकी रक्षा करने की कोशिश कर रहे हैं? अपने आपको, नीरव मोदी या उन्हें भागने वाले लोग को?’

वही, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ”देश के 23,000 करोड़ रुपये लूट कर ले जाओ, बग़ैर रोक-टोक देश से भाग जाओ, फिर प्रधानमंत्री के साथ विदेश में फ़ोटो खिचवाओ, लंदन में 73 करोड़ रुपये के ऐशगाह में ज़िंदगी बिताओ। बुझो, मैं कौन हूँ, अरे छोटा मोदी, और कौन!” उन्होंने आरोप लगाया, ”जब मोदी भए कोतवाल, तो डर काहे का। मोदी है तो मुमकिन है!”

ब्रिटेन के एक बड़े अखबार ने अपनी खबर में दावा किया है कि नीरव मोदी लंदन में एक आलीशान अपार्टमेंट में रहता है और वहां की सड़कों पर घूमता है। अखबार की ओर से जारी एक वीडियो में दिख रहा है कि रिपोर्टर के सवालों पर नीरव ने बार-बार कहा कि ‘नो कमेंट’।

नीरव मोदी का समुद्र तट पर बना बंगला विस्फोटक के जरिए किया गया ध्वस्त

Desk Team