मुंबई : जल्द ही आप महज 12 घंटों के अंदर मुंबई से दिल्ली का सफर तय कर सकेंगे। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक और महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी दी है। इसके तहत Express highway का निर्माण किया जाएगा, जो राष्ट्रीय राजधानी को वित्तीय राजधानी से जोड़ा जाएगा। जिससे आप केवल 12 घंटे के अंदर दिल्ली से मुंबई पहुंच जाएंगे।
इस हाईवे के पहले चरण का काम इस साल के अंत में शुरू हो जाएगा। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा अप्रैल में की थी। पहले यह सड़क मौजूदा राजमार्ग (एनएच-8) के समानान्तर बननी थी, लेकिन भूमि अधिग्रहण की ऊंची लागत की वजह से यह अधिक पूर्व की ओर चलेगी। इस परियोजना में करीब एक लाख करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह मुंबई- नागपुर समृद्धि एक्सप्रेस राजमार्ग से भी जोड़ा जाएगा। परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है, दिसंबर में इस हाईवे का निर्माण शुरू होगा और अगले ढाई सालों में पूरा हो जाएगा।
गडकरी ने राज्य में अन्य जल कनेक्टिविटी परियोजनाओं के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि ठाणे से वसई-विरार तक जल कनेक्टिविटी परियोजना को सागरमाला परियोजना के पहले चरण में पूरा किया जाएगा और इसके लिए 1200 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।