कोविड-19 : देश में संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 82 हजार के पार, महामारी से 5164 लोगों ने गंवाई जान

Summary :

केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसके संक्रमण से अब तक 182143 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 5164 लोगों की मौत हुई है।

देश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) की विकरालता उत्तरोत्तर बढ़ रही है। इस खतरनाक वायरस के फैलाव के कारण भारत अब संक्रमण के सर्वाधिक मामलों वाले देशों में नौंवे स्थान पर आ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान देश में इसका कहर सबसे ज्यादा बरपा है और संक्रमण के रिकॉर्ड 8380 नये मामले दर्ज किये गये जिससे संक्रमितों की कुल संख्या 182143 पर पहुंच गयी हैं।
इस अवधि में 193 लोगों की मौत होने से इस संक्रमण से मरने वाले लोगों की संख्या 5164 हो गयी। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में इसके संक्रमण से अब तक 182143 लोग प्रभावित हुए हैं तथा 5164 लोगों की मौत हुई है। देश में एक दिन में 4614 लोग संक्रमणमुक्त हुए हैं जिससे इस बीमारी से निजात पाने वाले लोगों की संख्या 86984 हो गयी है।
देश में फिलहाल कोरोना संक्रमण के 89995 सक्रिय मामले हैं। महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में पिछले 24 घंटों में 2940 नये मामले सामने आये हैं और 99 लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही राज्य में इससे प्रभावित होने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 65,168 तथा इस जानलेवा विषाणु से मरने वालों की संख्या बढ़कर 2197 हो गयी है। इस दौरान राज्य में 1084 लोग रोगमुक्त हुए है जिससे स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 28081 हो गयी है।
बता दें कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के तरफ से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। केंद्र सरकार के तरफ से देश में कोरोना वायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये लागू लॉकडाउन का चौथा चरण 31 मई तक के लिए लागू था जो आज समाप्त हो रहा है। देशभर में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है।
देशभर में कोरोना वायरस से निपटने के लिए लॉकडाउन का चौथा चरण जारी है जो 31 मई यानि आज खत्म हो रहा है। अब सरकार ने शनिवार को लॉकडाउन 5.0 की गाइडलाइंस जारी कर दी है। लॉकडाउन के पांचवे चरण में काफी रियायतें दी गयी है और चरणबद्ध तरीके से जिंदगी को वापस लाने के लिए राज्य सरकारों को निर्देश दिए गए है। केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन्स के मुताबिक़ 1 जून से 30 जून तक लॉकडाउन 5.0 जारी रहेगा। 

Desk Team