देश में बच्चियों के साथ रेप के खिलाफ बने कानून की धज्जियां उड़ाते हुए अपराधियों के बुलंद होते हौसले आये दिन किसी न किसी मासूम की जान ले लेते है। हालिया मामला मध्यप्रदेश के मंदसौर का जहां एक मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया जिसके बाद उसका इलाज यहां के एमवाय अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार 7 साल की बच्ची के साथ तीन दिन पहले मंदसौर जिले में दुष्कर्म की घटना हई थी। बालिका के चेहरे और शरीर पर अन्य स्थानों पर गंभीर घाव है।
नाक पर जख्म इतने गहरे हैं कि डॉक्टरों को नेसोगेस्ट्रिक ट्यूब लगानी पड़ी। बच्ची का प्राइवेट पार्ट लहूलुहान है। रात में ही डॉक्टरों को उसका ऑपरेशन करना पड़ा। आंतों को काटकर बाहर एक रास्ता बनाकर प्राइवेट पार्ट्स को ऑपरेट किया गया। बच्ची की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। इस बीच मंदसौर पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी इरफान को गिरफ्तार करने के बाद कल देर शाम सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच जज के सामने पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर 2 जुलाई तक के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना के विरोध और आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग को लेकर कल मंदसौर बंद रहा और लोगों का हुजूम सड़क पर उतर आया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ शीघ, ही आरोपपत्र अदालत में पेश किया जाएगा और केस की सुनवायी भी जल्दी ही करने का अनुरोध अदालत से किया जाएगा। इस घटना के बाद मंदसौर में लोगों का आक्रोश देखते हुए सुरक्षा के भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पीड़ति बालिका के परिजनों ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है। सूत्रों के मुताबिक स्कूल के सीसीटीवी कैमरों के तार चूहों ने काट दिये हैं, सिर्फ एक क्लिप के बूते आरोपी का सुराग मिल सका जिसमें उसका चेहरा साफ नहीं था।