भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने राजग सरकार की केंद्र में वापसी पर जोर देते हुए मंगलवार को कहा कि केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही मजबूत सरकार दे सकते हैं। शाह ने पास के शमशाबाद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि सोमवार को जारी भाजपा का घोषणा पत्र और कुछ नहीं बल्कि देश को महान बनाने का एक दस्तावेज है।
उन्होंने पुलवामा में आतंकवादी हमले और उसके बाद भारत द्वारा पाकिस्तान स्थित आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाकर किये गए हवाई हमले का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मोदी की तरह मुंहतोड़ जवाब दे सकते हैं। उन्होंने कहा, ”मोदी सरकार ने जो सबसे बड़ा काम किया वह है देश को सुरक्षित बनाना।
शाह ने यह भी जानना चाहा कि क्या कथित ”टुकड़े टुकड़े गैंग” और ”राहुल बाबा एंड कंपनी” देश को एक सक्षम नेतृत्व दे सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘क्या वे एक मजबूत सरकार दे सकते हैं? केवल और केवल मोदी देश को एक मजबूत सरकार दे सकते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय वायुसेना द्वारा हवाई हमले के बाद पूरे भारत में जश्न मनाया जा रहा था, मात्र दो स्थानों पर दुख था…एक पाकिस्तान में और दूसरा राहुल बाबा एंड कंपनी के खेमे में।”
राहुल महागठबंधन की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम बताने में नाकाम : शाह
उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री एवं टीआरएस अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर उनके गठबंधन को लेकर निशाना साधते हुए सवाल किया, ”क्या केसीआर (मुख्यमंत्री को कई लोग इसी नाम से संबोधित करते हैं) किसी भी स्थिति में इस देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं?”
उन्होंने इसका उल्लेख किया कि भाजपा तेलंगाना में हाल में हुए विधानसभा चुनाव में आये जनादेश का सम्मान करती है जिसमें टीआरएस सत्ता में वापस आयी, शाह ने कहा कि आने वाला लोकसभा चुनाव देश का प्रधानमंत्री चुनने, मोदी और भाजपा चुनने के लिए हैं।
उनहोंने कहा कि मोदी सरकार ने तेलंगाना को पिछले पांच वर्षों में 2.45 लाख करोड़ रुपये से अधिक दिये जबकि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार ने मात्र 16500 करोड़ रुपये दिये। भाजपा नेता ने साथ ही तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) पर कांग्रेस की तरह ही ‘‘वंशवादी पार्टी’’ होने का आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App




