झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज कहा कि झारखंड को स्कैम के कलंक से बाहर निकाल कर स्किल झारखंड में तब्दील करना है और गांवों का विकास उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री दास ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि झारखंड को स्कैम (घोटाला) झारखंड से स्किल (कौशल) झारखंड में बदलने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारत गांवों का देश है, भारत की आत्मा गांवों में बसती है। गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तभी राज्य विकसित होगा। गांव में रोजगार के साधन बढ़ने पर जोर लगाना होगा। सरकार की योजनाओं को गांव में बैठकर, गांव के लोगों के बीच जाकर लागू कराना होगा। इसकी शुरूआत सरकार द्वारा योजना बनाओ अभियान और बजट संगोष्ठी के माध्यम से की गई है।
उन्होंने कहा कि कोई भी विकासात्मक कार्य ग्रामीणों के बीच जाकर उनकी इच्छा और सुविधा के अनुरूप ही करना सरकार की प्राथमिकता है। पंचायत सचिवालय का गठन भी इसी उद्देश्य का अंग है। आने वाले बजट में भी गांव के विकास के प्रति सरकार का ध्यान है। गांव में छोटे-छोटे ग्रामोद्योग का जाल बिछाकर ही बेरोजगारी दूर की जायेगी। झार मधु के माध्यम से भी रोजगार का सृजन होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा झार मधु की शुरूआत की गई। झार मधु की शुरूआत करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 हजार किसानों द्वारा इस उद्योग को विकसित किया जा रहा है। इस उद्योग में रोजगार को बढ़वा देने के लिए 600 मास्टर ट्रेनर भी रखे गये हैं। इस उद्योग के विकास से राज्य में मीठी क्रांति की शुरूआत होगी। ठंडे देशों में शहद की मांग ज्यादा है। झारखण्ड का बना शहद दूसरे देशों में निर्यात किया जा सकेगा।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे