बॉलीवुड फिल्म पठान के गाने पर देशभर में बवाल मचा हुआ है। अब इसे लेकर राजनेताओं में भी जुबानी जंग शुरू हो गई है। भगवा रंग पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के मंत्री अनिल विज आमने सामने आ गए है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को राक्षस कह डाला है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री राक्षस हैं, इन्हें भगवा में दोष नजर आता है।
भगवा रंग पहनकर जबरन वसूली कर रहे
दरअसल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को हिंदू संगठनों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि रंग किसी की जाति और धर्म को तय नहीं कर सकते। भगवा रंग तो वही पहनता है जो घर, परिवार और समाज को छोड़ कर चला गया हो। भगवा रंग का स्कार्फ पहनने वाले बजरंगी गुंडों ने कोई कुर्बानी नहीं दी है। ये भगवा रंग पहनकर जबरन वसूली कर रहे हैं। भूपेश बघेल ने सवाल उठाया कि भगवा रंग धारण करके निकलने वाले बजरंगी गुंडे बताएं कि उन्होंने समाज के लिए कया त्याग किया है। भाजपा में जो फिल्म अभिनेता सांसद विधायक हैं, वो भी भगवा पहनकर डांस करते हैं। उनके बारे में इनके क्या विचार हैं। रंगों से किसी की जाति और धर्म को तय नहीं किया जाना चाहिए।
गाने को गंदी मानसिकता के साथ शूट किया
सनद रहे इस महीने की शुरुआत में, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म के बेशरम रंग गाने पर अपनी आपत्ति जताते हुए कहा था कि फिल्म के गाने को गंदी मानसिकता के साथ शूट किया गया है। इंदौर में मीडिया से बात करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि गाने की वेशभूषा पहली नजर में आपत्तिजनक है। साफ दिख रहा है कि फिल्म ‘पठान’ के गाने को गंदी मानसिकता के साथ शूट किया गया है।
‘बेशरम रंग’ भी अपने आप में आपत्तिजनक
नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि मैं फिल्म के निर्देशक और निर्माताओं को इसे ठीक करने के लिए कहूंगा। इससे पहले भी दीपिका पादुकोण जेएनयू में ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के समर्थन में आई थीं। मेरा मानना है कि इस गाने का नाम ‘बेशरम रंग’ भी अपने आप में आपत्तिजनक है, जिस तरह से इसमें केसरिया और हरे रंग को पहना गया है, वह ठीक नहीं है। इसमें सुधार की आवश्यकता है। यदि ऐसा नहीं किया जाता है, तो हम विचार करेंगे कि क्या मध्य प्रदेश में इस फिल्म के प्रसारण की अनुमति दी जानी चाहिए।