BJP स्थापना दिवस पर PM मोदी, नड्डा और शाह ने कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं, कहा- एकजुट होकर देश को कोविड-19 से करें मुक्त

Summary :

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि भाजपा का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश कोविड-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें।

भाजपा आज यानि सोमवार को अपना 40वां स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे  वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिशानिर्देशों में कोरोना वायरस (कोविड-19) के खिलाफ लड़ाई में जरुरतमंद लोगों की मदद करें।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि “भाजपा का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश कोविड-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें। एकजुट होकर भारत को कोविड-19 से मुक्त करें।”

अपने अगले ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा कि “जब भी भाजपा को सेवा करने का मौका मिला, पार्टी ने सुशासन और गरीबों के सशक्तिकरण पर जोर दिया। पार्टी के सिद्धांतों के अनुरूप हमारे कार्यकर्ताओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा की और समाज सेवा की नई मिसाल भी कायम की।” मोदी ने कहा कि “भाजपा के स्थापना दिवस पर भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। इस अवसर पर उन सबको मेरी विनम्र श्रद्धांजलि, जिन्होंने अपने खून-पसीने से पार्टी को सींचा। उनकी वजह से ही भाजपा को आज देशभर में करोड़ों भारतीयों की सेवा करने का अवसर मिला है।”

भाजपा के स्थापना दिवस पर अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाए देते हुए ट्वीट कर कहा कि “माँ भारती को परम वैभव पर स्थापित करने के पुनीत विचार से जन्मी भारतीय जनता पार्टी को अपने परिश्रम से सींच कर विशाल वटवृक्ष के रूप में खड़ा करने वाले मनीषियों और करोड़ों समर्पित, निष्ठावान कार्यकर्ताओं को भाजपा के 40वें स्थापना दिवस के अवसर पर नमन एवं शुभकामनाएं।”

इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि “भारत के लोकतंत्र की सच्ची वाहक भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की समस्त कार्यकर्ताओं व देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाए। अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों से भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वस्व अर्पण किया है।” 

Desk Team