प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों से उनके राज्य में कोविड-19 की स्थिति पर बातचीत की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। मोदी महामारी की स्थिति का जायजा लेने और सुझाव देने के लिए पिछले कुछ दिनों से राज्य के मुख्यमंत्रियों और केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपालों से बात कर रहे हैं।
मुख्यमंत्रियों ने उन्हें महामारी की दूसरी लहर से निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों की भी जानकारी दी। इससे पहले नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियों से बात कर कोविड 19 प्रबंधन की जानकारी ली। प्रधानमंत्री मोदी ने तीनों राज्यों को केंद्र सरकार से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री हर दिन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर वहां की कोविड-19 की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
इससे पहले उन्होंने शुक्रवार को मणिपुर, त्रिपुरा और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से बात की थी जबकि उससे पहले उन्होंने आंध्र प्रदेश, ओड़िशा, झारखंड और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों से बात कर इन राज्यों में कोविड-19 की ताजा स्थिति पर चर्चा की थी।प्रधानमंत्री जम्मू एवं कश्मीर के साथ ही पुडुचेरी के उपराज्यपालों से भी बात कर स्थिति की समीक्षा कर चुके हैं।
भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,03,738 नए मामले सामने आने के बाद देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 2,22,96,414 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 4,092 और मरीजों की मौत होने के बाद कुल मृतक संख्या बढ़कर 2,42,362 हो गई।