प्रधानमंत्री मोदी IISF-2020 का करेंगे उद्घाटन, आयोजन के लिए एक लाख लोगों का हुआ पंजीकरण

Summary :

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चार दिवसीय भारतीय अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) के छठे संस्करण का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से चार दिवसीय भारतीय अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) के छठे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू महोत्सव के आखिरी दिन 25 दिसंबर को इसे संबोधित करेंगे। 
हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 22 दिसंबर को 4.30 बजे आईआईएसएफ को संबोधित करेंगे वहीं उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू 25 दिसंबर को इसे संबोधित करेंगे।’’ इस बार आईआईएसएफ-2020 का विषय ‘‘आत्मनिर्भर भारत और विश्व कल्याण के लिए विज्ञान’’ रखा गया है। 
इस महोत्सव का आयोजन वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबंधित विजनाना भारती, बायोटेक्नोलॉजी विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय संयुक्त रूप से किया गया है। हर्षवर्धन ने बताया कि इस आयोजन के लिए अभी तक एक लाख लोगों का पंजीकरण हो चुका है। 
वर्ष 2015 में शुरू हुआ आईआईएसएफ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहन देने का एक उत्सव है। इसका उद्देश्य जनता को विज्ञान से जोड़ना, विज्ञान की खुशी को मनाना और यह दिखाना कि कैसे विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) जीवन में सुधार के लिए समाधान उपलब्ध करा सकते हैं। 

Ujjwal Jain