प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) आज शाम जापान के लिए रवाना होंगे, जहां वह जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे (Shinzo Abe) के अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। विदेश सचिव विनय कवात्रा ने सोमवार को इसकी जानकारी दी।
विदेश सचिव विनय कवात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अभी कुछ घंटों बाद जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जापान के टोक्यो के लिए रवाना होंगे। शिंजो आबे का PM बुडोकन में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह में होगा, जिसके बाद वे टोक्यो के अकासाका पैलेस जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और शिंजो आबे की पत्नी से भी मुलाकात करेंगे। 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के कल राजकीय अंतिम संस्कार में मौजूद होने की उम्मीद है।
8 जुलाई को चुनाव प्रचार के दौरान मारी गई थी गोली
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे को 8 जुलाई को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारी गई थी। गोली लगने के बाद ही आबे को हार्ट अटैक आ गया था। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन एयरलिफ्ट करते वक़्त ही शिंजो आबे की धड़कने रूक चुकी थीं। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
उस दौरान जापान के सरकारी प्रसारक ‘एनएचके’ द्वारा एक फुटेज प्रसारित किया गया था, जिसमें 67 वर्षीय आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता था और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भागते हुए देखे जा सकते थे। पश्चिमी नारा में एक मुख्य ट्रेन स्टेशन के बाहर जब आबे ने भाषण देना शुरू किया तो उसके कुछ ही मिनटों बाद उन पर गोली चलायी गयी थी।