पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को अस्थ्वस्थ होने की वजह से कल (बुधवार) शाम को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स में भर्ती पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की बृहस्पतिवार को कामना की।
सिंह को बुखार आने के बाद कमजोरी महसूस होने के कारण बुधवार शाम को यहां एम्स में भर्ती कराया गया था। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं डॉ. मनमोहन सिंह जी के अच्छे स्वास्थ्य और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
I pray for the good health and speedy recovery of Dr. Manmohan Singh Ji.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 14, 2021
इससे पहले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया पूर्व प्रधानमंत्री से मिलने गए थे और उन्होंने सिंह की देखरेख कर रहे चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
पिछले साल रिएक्शन और बुखार होने के बाद भी मनमोहन सिंह को एम्स में हुए थे भर्ती
पिछले साल एक नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद भी मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। एम्स में 2009 में उनकी हृदय बाईपास सर्जरी हुई थी।