‘मैन वर्सेज वाइल्ड’ श्रृंखला की ताजा कड़ी प्रसारित होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर प्रकाश डालने का इससे बेहतर रास्ता नहीं हो सकता है। इस श्रृंखला की कड़ी में प्रधानमंत्री कार्यक्रम के होस्ट बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आयेंगे।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “भारत के हरे भरे जंगलों में, मातृ प्रकृति की गोद में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन पर प्रकाश डालने का इससे बेहतर रास्ता क्या हो सकता है। आज रात 9 बजे इससे जुड़ें।” मोदी शो के होस्ट बेयर ग्रिल्स के साथ रोमांचक सफर करते दिखेंगे।

इस शो में प्रधानमंत्री मोदी भारत के वन्यजीवों और प्राकृतिक विविधता के बारे में चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के होस्ट ग्रिल्स के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। इसमें ग्रिल्स ने लागों से डिस्कवरी पर इस कार्यक्रम को देखने का अनुरोध किया था ।
बेयर ग्रिल्स ने लिखा, “हम सभी मिलकर इस ग्रह को बचा सकते हैं, शांति को बढ़ावा दे सकते हैं और कभी हार नहीं मानने की भावना को प्रोत्साहित कर सकते हैं । इस शो का आनंद उठायें।” यह शो उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट में शूट किया गया है।
प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि भारत में हरे भरे जंगल, विविधतापूर्ण वन्यजीवन, सुन्दर पहाड़ियां और बड़ी नदियां हैं। इस कार्यक्रम को देखकर आप भारत के विभिन्न क्षेत्रों में उन स्थानों पर जाना चाहेंगे और पर्यावरण संरक्षण की पहल से जुड़ना चाहेंगे ।


Download Android App
Download iOS App



